दिल्ली सल्तनत का इतिहास | पाँचों वंश, प्रमुख शासक और महत्वपूर्ण तथ्य (1206–1526 ई.)

इस अर्टिकल में हम दिल्ली सल्तनत के पाँचों वंशों, उनके प्रमुख शासकों, प्रशासनिक व्यवस्था, आर्थिक स्थिति और महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यों को सरल भाषा में समझेंगे।

Contents Show

दिल्ली सल्तनत का इतिहास मध्यकालीन भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। इसका शासनकाल 1206 ई. से 1526 ई. तक माना जाता है। इस दौरान दिल्ली पर पाँच प्रमुख वंशों ने शासन किया, जिनमें गुलाम वंश, खिलजी वंश, तुगलक वंश, सैयद वंश और लोदी वंश शामिल थे।

दिल्ली सल्तनत का इतिहास

दिल्ली सल्तनत का परिचय

दिल्ली सल्तनत से आशय उस राजनीतिक व्यवस्था से है जिसमें 1206 ई. से 1526 ई. तक पाँच अलग-अलग राजवंशों ने दिल्ली को अपना प्रमुख सत्ता केंद्र बनाकर शासन किया।
दिल्ली इससे पहले भी एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और व्यापारिक केंद्र थी। 12वीं शताब्दी में यहाँ तोमर राजपूतों का शासन था। बाद में अजमेर के चौहान शासकों ने तोमरों को पराजित करके दिल्ली पर अधिकार कर लिया।

1192 ई. में तराइन के द्वितीय युद्ध में मुहम्मद गोरी ने पृथ्वीराज चौहान को पराजित किया। इसके बाद उत्तरी भारत में तुर्की सत्ता का विस्तार हुआ।

1206 ई. में मुहम्मद गोरी की मृत्यु के बाद उसके भारतीय क्षेत्रों का नियंत्रण उसके सेनापति कुतुबुद्दीन ऐबक के हाथों में आया। इसी घटना से स्वतंत्र दिल्ली सल्तनत की स्थापना मानी जाती है।

दिल्ली सल्तनत की प्रमुख विशेषताएँ -

  • शासनकाल: 1206–1526 ई.
  • कुल राजवंश: पाँच
  • प्रशासन की प्रमुख भाषा: फारसी
  • प्रमुख शासन केंद्र: दिल्ली
  • अंतिम शासक: इब्राहिम लोदी
  • अंत: 1526 ई. में पानीपत का प्रथम युद्ध

दिल्ली सल्तनत के पाँच प्रमुख वंश

दिल्ली सल्तनत पर क्रमशः पाँच राजवंशों ने शासन किया।

क्रमवंशशासनकालसंस्थापक
1मामलुक या गुलाम वंश1206–1290 ई.कुतुबुद्दीन ऐबक
2खिलजी वंश1290–1320 ई.जलालुद्दीन फिरोज खिलजी
3तुगलक वंश1320–1414 ई.गयासुद्दीन तुगलक
4सैयद वंश1414–1451 ई.खिज्र खाँ
5लोदी वंश1451–1526 ई.बहलोल लोदी

1.गुलाम या मामलुक वंश (1206–1290 ई.)

गुलाम वंश को मामलुक वंश भी कहा जाता है। मामलुक का अर्थ ऐसे सैनिक या व्यक्ति से है जो गुलाम के रूप में खरीदा गया हो और जिसे सैन्य प्रशिक्षण दिया गया हो।

इस वंश का संस्थापक कुतुबुद्दीन ऐबक था। वह मुहम्मद गोरी का गुलाम एवं प्रमुख सेनापति था।

कुतुबुद्दीन ऐबक (1206–1210 ई.)

  • इसे दिल्ली सल्तनत का संस्थापक माना जाता है।
  • इसने स्वतंत्र शासन की स्थापना की।
  • इसने कुतुब मीनार का निर्माण प्रारंभ करवाया।
  • इसने दिल्ली में कुव्वत-उल-इस्लाम मस्जिद का निर्माण करवाया।
  • इसे इसकी उदारता के कारण लाखबख्श भी कहा जाता था।

इल्तुतमिश (1211–1236 ई.)

इल्तुतमिश को दिल्ली सल्तनत का वास्तविक संगठक और सुदृढ़कर्ता माना जाता है। उसने अनेक विरोधियों को पराजित करके सल्तनत की सत्ता मजबूत की।

  • इसने दिल्ली को सल्तनत की प्रमुख राजधानी के रूप में पुनः स्थापित किया।
  • 1229 ई. में इसे बगदाद के खलीफा से मान्यता प्राप्त हुई।
  • इसने चाँदी का टंका और ताँबे का जीतल प्रचलित किया।
  • कुतुब मीनार के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया।
  • इसने तुर्कान-ए-चहलगानी अर्थात चालीस शक्तिशाली तुर्क अमीरों का समूह बनाया।

रजिया सुल्तान (1236–1240 ई.)

  • रजिया सुल्तान इल्तुतमिश की पुत्री थी।
  • वह दिल्ली सल्तनत की पहली और सबसे प्रसिद्ध महिला शासक थी।
  • उसने पर्दे के पीछे से शासन करने के बजाय स्वयं शासन की जिम्मेदारी संभाली।
  • तुर्क अमीरों के विरोध के कारण उसे सत्ता से हटना पड़ा।
  • 1240 ई. में कैथल में उसकी मृत्यु हो गई।

बलबन (1266–1287 ई.)

बलबन ने सुल्तान की शक्ति और प्रतिष्ठा को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया।

  • इसने कठोर शासन नीति अपनाई, जिसे सामान्यतः लौह एवं रक्त की नीति कहा जाता है।
  • इसने राजदरबार में सिजदा और पैबोस जैसी प्रथाओं को बढ़ावा दिया।
  • इसने अमीरों की शक्ति को नियंत्रित किया।
  • मंगोल आक्रमणों से उत्तर-पश्चिमी सीमा की रक्षा पर ध्यान दिया।
📚 गुलाम वंश के महत्वपूर्ण MCQ

2. खिलजी वंश (1290–1320 ई.)

खिलजी वंश की स्थापना 1290 ई. में जलालुद्दीन फिरोज खिलजी ने की थी। इस वंश का सबसे प्रसिद्ध शासक अलाउद्दीन खिलजी था।

जलालुद्दीन फिरोज खिलजी (1290–1296 ई.)

  • यह खिलजी वंश का संस्थापक था।
  • इसने अपेक्षाकृत उदार शासन नीति अपनाई।
  • 1296 ई. में इसके भतीजे और दामाद अलाउद्दीन खिलजी ने इसकी हत्या करके सत्ता प्राप्त की।

अलाउद्दीन खिलजी (1296–1316 ई.)

अलाउद्दीन खिलजी दिल्ली सल्तनत के सबसे शक्तिशाली शासकों में से एक था। उसने साम्राज्य विस्तार, सैन्य व्यवस्था और आर्थिक नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया।

इसके प्रमुख कार्य निम्नलिखित थे:

  • बाजार नियंत्रण नीति: इसने आवश्यक वस्तुओं, अनाज, कपड़ों, घोड़ों और अन्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की।
  • सैन्य सुधार: सेना को मजबूत बनाने के लिए घोड़ों पर दाग लगाने की प्रथा (दाग) और सैनिकों का हुलिया दर्ज करने की व्यवस्था लागू की।
  • साम्राज्य विस्तार: इसने गुजरात, रणथंभौर, चित्तौड़ और अन्य क्षेत्रों में अभियान चलाए।
  • दक्षिण भारत अभियान: इसके सेनापति मलिक काफूर ने दक्षिण भारत में देवगिरि, वारंगल, द्वारसमुद्र और मदुरै की ओर अभियान चलाए।
  • मंगोल आक्रमण: इसने मंगोल आक्रमणों का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया।

अलाउद्दीन खिलजी ने दिल्ली में सीरी नामक नगर की स्थापना भी करवाई। कुतुब परिसर में स्थित अलाई दरवाजा का निर्माण 1311 ई. में इसी के शासनकाल में हुआ।

3. तुगलक वंश (1320–1414 ई.)

तुगलक वंश की स्थापना 1320 ई. में गयासुद्दीन तुगलक ने की थी। इस वंश में मुहम्मद बिन तुगलक और फिरोज शाह तुगलक जैसे महत्वपूर्ण शासक हुए।

गयासुद्दीन तुगलक (1320–1325 ई.)

  • यह तुगलक वंश का संस्थापक था।
  • इसका मूल नाम गाजी मलिक था।
  • इसने दिल्ली के निकट तुगलकाबाद नगर और किले का निर्माण करवाया।
  • इसने प्रशासन और राजस्व व्यवस्था में कुछ सुधार किए।

मुहम्मद बिन तुगलक (1325–1351 ई.)

मुहम्मद बिन तुगलक अपनी महत्वाकांक्षी योजनाओं और प्रशासनिक प्रयोगों के लिए प्रसिद्ध है।

इसके प्रमुख प्रयोग निम्नलिखित थे:

  • राजधानी परिवर्तन: इसने दिल्ली से देवगिरि राजधानी स्थानांतरित करने का निर्णय लिया और देवगिरि का नाम दौलताबाद रखा। बाद में राजधानी को फिर दिल्ली वापस लाया गया।
  • सांकेतिक मुद्रा: इसने ताँबे और पीतल के सिक्कों को चाँदी के सिक्कों के समान मूल्य देकर चलाने का प्रयास किया। नकली सिक्कों की समस्या के कारण इस योजना को वापस लेना पड़ा।
  • दोआब में कर वृद्धि: गंगा-यमुना दोआब क्षेत्र में राजस्व बढ़ाने के प्रयास से किसानों पर दबाव पड़ा।
  • कृषि विभाग: इसने कृषि विकास के लिए दीवान-ए-अमीर-कोही नामक विभाग स्थापित किया।
  • विदेशी यात्री: प्रसिद्ध मोरक्को यात्री इब्न बतूता इसके शासनकाल में भारत आया था।

फिरोज शाह तुगलक (1351–1388 ई.)

फिरोज शाह तुगलक ने लोक-निर्माण और सिंचाई कार्यों पर विशेष ध्यान दिया।

  • इसने सिंचाई के लिए नहरों का निर्माण करवाया।
  • इसने अनेक नगरों और सार्वजनिक इमारतों का निर्माण करवाया।
  • दिल्ली में फिरोज शाह कोटला का निर्माण करवाया।
  • इसने दीवान-ए-बंदगान नामक विभाग बनाया, जो दासों से संबंधित कार्य देखता था।
  • इसने दीवान-ए-खैरात नामक विभाग बनाया, जो दान और सहायता से संबंधित कार्य देखता था।

फिरोज शाह की मृत्यु के बाद तुगलक वंश कमजोर होता चला गया। उत्तराधिकार संघर्ष और क्षेत्रीय विद्रोहों ने इसकी शक्ति को कम कर दिया।

4. सैयद वंश (1414–1451 ई.)

सैयद वंश की स्थापना 1414 ई. में खिज्र खाँ ने की थी।

1398 ई. में तैमूर के आक्रमण से दिल्ली सल्तनत को भारी नुकसान पहुँचा था। इसके बाद केंद्रीय सत्ता कमजोर हो गई और खिज्र खाँ ने दिल्ली पर अधिकार स्थापित किया।

इस वंश के प्रमुख शासक थे:

  • खिज्र खाँ (1414–1421 ई.)
  • मुबारक शाह (1421–1434 ई.)
  • मुहम्मद शाह (1434–1445 ई.)
  • आलम शाह (1445–1451 ई.)

आलम शाह इस वंश का अंतिम शासक था। उसने 1451 ई. में दिल्ली की सत्ता छोड़ दी, जिसके बाद बहलोल लोदी ने लोदी वंश की स्थापना की।

5. लोदी वंश (1451–1526 ई.)

लोदी वंश दिल्ली सल्तनत का अंतिम राजवंश था। यह अफगान मूल का शासक वंश था।

बहलोल लोदी (1451–1489 ई.)

  • यह लोदी वंश का संस्थापक था।
  • इसने जौनपुर को दिल्ली सल्तनत में मिलाया।
  • इसने अफगान सरदारों का समर्थन प्राप्त करके अपनी सत्ता मजबूत की।

सिकंदर लोदी (1489–1517 ई.)

  • यह बहलोल लोदी का पुत्र था।
  • इसने 1504 ई. में आगरा नगर की स्थापना की।
  • इसके शासनकाल में कृषि और व्यापार को बढ़ावा मिला।
  • इसे गज-ए-सिकंदरी नामक माप-पद्धति से भी जोड़ा जाता है।

इब्राहिम लोदी (1517–1526 ई.)

  • यह लोदी वंश का अंतिम शासक था।
  • इसके शासनकाल में अफगान अमीरों के साथ संघर्ष बढ़ गया।
  • 21 अप्रैल 1526 ई. को पानीपत के प्रथम युद्ध में बाबर ने इसे पराजित किया।
  • इस युद्ध में इब्राहिम लोदी की मृत्यु हो गई और दिल्ली सल्तनत का अंत हो गया।

दिल्ली सल्तनत की प्रशासनिक व्यवस्था

दिल्ली सल्तनत में सुल्तान शासन का सर्वोच्च अधिकारी होता था। प्रशासन को सुचारु रूप से चलाने के लिए कई विभाग और अधिकारी नियुक्त किए जाते थे।

प्रमुख प्रशासनिक पद और विभाग

पद या विभागकार्य
सुल्तानशासन का सर्वोच्च अधिकारी
दीवान-ए-वजारतवित्त और राजस्व व्यवस्था
वजीरवित्त विभाग का प्रमुख
दीवान-ए-अर्जसेना और सैन्य व्यवस्था
आरिज-ए-मुमालिकसैन्य विभाग का प्रमुख
दीवान-ए-इंशाशाही पत्राचार और सरकारी आदेश
काजीन्याय संबंधी कार्य
बरीदसमाचार और गुप्त सूचनाएँ एकत्र करना

इक्ता व्यवस्था क्या थी?

दिल्ली सल्तनत की प्रशासनिक और राजस्व व्यवस्था में इक्ता प्रणाली का महत्वपूर्ण स्थान था।

इक्ता का अर्थ था किसी अधिकारी को वेतन या प्रशासनिक खर्च के बदले किसी क्षेत्र से राजस्व वसूलने का अधिकार देना।
इक्ता प्राप्त करने वाले अधिकारी को मुक्ती या वली कहा जाता था।

  • निर्धारित क्षेत्र से राजस्व एकत्र करना।
  • प्रशासन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना।
  • आवश्यकता पड़ने पर सुल्तान को सैनिक उपलब्ध कराना।
  • निर्धारित खर्च काटकर शेष राजस्व का हिसाब रखना।

इक्ता का अर्थ जमीन का मालिक बन जाना नहीं था। यह मुख्य रूप से राजस्व और प्रशासन से संबंधित अधिकार था। सामान्यतः सुल्तान मुक्तियों का स्थानांतरण कर सकता था।

दिल्ली सल्तनत की आर्थिक और सामाजिक स्थिति

दिल्ली सल्तनत की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि, व्यापार और शिल्प उद्योगों पर आधारित थी।

कृषि: अधिकांश लोगों की आजीविका कृषि पर निर्भर थी। किसानों से भूमि राजस्व वसूल किया जाता था। कृषि उत्पादन प्रशासन की आय का प्रमुख आधार था।

व्यापार: इस काल में आंतरिक और विदेशी व्यापार का विस्तार हुआ। कपड़ा, घोड़े, मसाले और अन्य वस्तुओं का व्यापार महत्वपूर्ण था।

मुद्रा: इल्तुतमिश के समय चाँदी का टंका और ताँबे का जीतल महत्वपूर्ण सिक्के बने। मुहम्मद बिन तुगलक ने सांकेतिक मुद्रा चलाने का प्रयोग किया था।

प्रमुख कर

  • खराज: भूमि से संबंधित कर।
  • जजिया: सामान्य रूप से गैर-मुस्लिम प्रजा पर लगाया जाने वाला कर।
  • जकात: मुस्लिम समुदाय से संबंधित धार्मिक कर।

दिल्ली सल्तनत की कला, स्थापत्य और साहित्य

दिल्ली सल्तनत के काल में स्थापत्य कला का महत्वपूर्ण विकास हुआ। इस समय भारतीय शिल्प परंपराओं और मध्य एशियाई तथा इस्लामी स्थापत्य तत्वों का मेल देखने को मिलता है।

प्रमुख स्थापत्य और स्मारक

स्मारकसंबंधित शासक
कुव्वत-उल-इस्लाम मस्जिदकुतुबुद्दीन ऐबक
कुतुब मीनारनिर्माण आरंभ: कुतुबुद्दीन ऐबक, पूर्ण किया: इल्तुतमिश ने
अलाई दरवाजाअलाउद्दीन खिलजी
सीरी नगरअलाउद्दीन खिलजी
तुगलकाबाद किलागायसुद्दीन तुगलक
फिरोज शाह कोटलाफिरोज शाह तुगलक
आगरा नगरसिकंदर लोदी

दिल्ली सल्तनत के प्रमुख साहित्यकार और ऐतिहासिक ग्रंथ

इस काल में फारसी प्रशासन और दरबारी इतिहास लेखन की प्रमुख भाषा थी। उस समय के इतिहासकारों ने सुल्तानों, युद्धों और प्रशासन के बारे में महत्वपूर्ण विवरण लिखे।

इतिहासकार / यात्रीप्रमुख ग्रंथ
मिनहाज-उस-सिराजतबकात-ए-नासिरी
जियाउद्दीन बरनीतारीख-ए-फिरोजशाही
अमीर खुसरोखजाइन-उल-फुतूह
इब्नबतूतारिहला

इन ग्रंथों से तत्कालीन राजनीतिक और सामाजिक जीवन की जानकारी मिलती है। हालांकि, दरबारी इतिहासकारों के लेखन में शासकों और अभिजात वर्ग को अधिक महत्व दिया गया था। इसलिए सामान्य लोगों के जीवन को समझने के लिए अन्य स्रोतों का भी सहारा लेना पड़ता है।

दिल्ली सल्तनत के पतन के प्रमुख कारण

दिल्ली सल्तनत का पतन किसी एक घटना का परिणाम नहीं था। इसके पीछे कई राजनीतिक और प्रशासनिक कारण थे।

1. कमजोर उत्तराधिकारी: कई शासकों के बाद योग्य उत्तराधिकारी नहीं मिले, जिससे केंद्रीय सत्ता कमजोर होती गई।

2. अमीरों के बीच संघर्ष: दरबार के शक्तिशाली अमीर और सरदार सत्ता के लिए आपस में संघर्ष करते रहे।

3. प्रांतीय विद्रोह: बंगाल, गुजरात, मालवा और अन्य क्षेत्रों में स्वतंत्र क्षेत्रीय शक्तियाँ उभरने लगीं।

4. तैमूर का आक्रमण: 1398 ई. में तैमूर के आक्रमण ने दिल्ली की राजनीतिक और आर्थिक स्थिति को भारी नुकसान पहुँचाया।

5. लोदी शासकों की आंतरिक समस्याएँ: इब्राहिम लोदी और अफगान सरदारों के बीच मतभेद बढ़ते गए।

6. बाबर का आक्रमण: 1526 ई. में पानीपत के प्रथम युद्ध में बाबर ने इब्राहिम लोदी को पराजित किया। इसके साथ दिल्ली सल्तनत का अंत हुआ और भारत में मुगल सत्ता की स्थापना का मार्ग खुला।

दिल्ली सल्तनत से संबंधित महत्वपूर्ण FAQs

उत्तर: कुतुबुद्दीन ऐबक को दिल्ली सल्तनत का संस्थापक और इल्तुतमिश को इसका वास्तविक संगठक माना जाता है।

उत्तर: रजिया सुल्तान दिल्ली सल्तनत की पहली प्रसिद्ध महिला शासक थी।

उत्तर: अलाउद्दीन खिलजी ने बाजार नियंत्रण नीति लागू की थी।

उत्तर: मुहम्मद बिन तुगलक ने ताँबे और पीतल की सांकेतिक मुद्रा चलाने का प्रयोग किया था।

उत्तर: इब्राहिम लोदी दिल्ली सल्तनत का अंतिम शासक था।

PDF Notes, Quiz, Daily GK Updates और महत्वपूर्ण नोटिफिकेशन
सबसे पहले पाने के लिए हमारा Telegram Channel Join करें।

Next Post → बौद्ध धर्म का इतिहास, गौतम बुद्ध, सिद्धांत, चार आर्य सत्य, अष्टांगिक मार्ग और त्रिपिटक | सम्पूर्ण जानकारी

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top